
रात को सैर कर रहे तीन लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग,दो लोगों की मौत, एक गंभीर घायल।
रात को सैर कर रहे तीन लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग।
– दो लोगों की मौत, एक गंभीर घायल।
मृतकों में से एक कबड्डी का खिलाड़ी था, पुलिस जांच में जुटी।
न्यूज4पंजाब ब्यूरो
श्री हरगोबिंदपुर।पुलिस जिला बटाला के अधीन आते गांव भोमा में सोमवार की देर रात को सैर कर रहे तीन लोगों पर मोटरसाइकिल पर सवार कुछ अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर घायल हो गया जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कश्मीर सिंह (31) और जुगराज सिंह (18) के रूप में हुई है। रात को सूचना मिलते ही घटना स्थल पर बटाला पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। वहीं, मृतक की जुगराज सिंह की मां कंवलजीत कौर ने बताया कि उसका बेटा जुगराज सिंह कबड्डी का खिलाड़ी था। उसका बेटा जुगराज और उसके दो अन्य साथी रात को सैर के लिए गए थे तो इसी दौरान कुछ हमलावरों ने उनपर फायरिंग करके उसके बेटे और एक अन्य को मौत के घाट उतार दिया। उन्होंने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाते हुए कहा कि आरोपियों को जल्द से जल्द काबू करके सख्त कार्रवाई की जाए। इस संबंध में एसएसपी बटाला डॉ. मेहताब सिंह ने बताया की प्राथमिक जांच में अभी तक पता चला है कि सोमवार की रात को गांव भोमा में कुछ लोग सैर कर रहे थे, इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार कुछ अज्ञात हमलावर आए और सैर कर रहे तीन लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक की जांच के अनुसार यह सामने आया है कि इस घटना का कोई भी संबंध किसी रंगदारी के मामले से नहीं है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है । आसपास के सीसीटीवी कैमरा चेक किए जा रहे है ।जल्द ही इस मामले को ट्रेस कर आरोपियों को गिरफ्तार लिया जाएगा।


