EducationPunjab

जागरूकता- सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल काला अफगाना में ई-वेस्ट विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित

*विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से ई-वेस्ट के उचित प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश*

⇒कार्यक्रम का नेतृत्व स्कूल की कार्यकारी प्रिंसिपल मैडम सुखविंदर कौर ने किया।

⇒विजेता विद्यार्थियों को स्कूल की तरफ से किया गया सम्मानित।

न्यूज4पंजाब ब्यूरो

फतेहगढ़ चूड़ियां (गुरदासपुर) । शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल काला अफगाना में ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरे) के विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित प्रबंधन, उसके दुष्प्रभावों तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का नेतृत्व स्कूल की कार्यकारी प्रिंसिपल मैडम सुखविंदर कौर ने किया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के दो समूह बनाए गए, जिनमें छठी से आठवीं कक्षा तथा नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और चित्रकला कौशल के माध्यम से ई-वेस्ट से संबंधित विभिन्न विषयों को पोस्टर बनाए । उन्होंने अपने पोस्टरों के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग के बाद उत्पन्न होने वाले कचरे के उचित निपटान, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) तथा पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। 

इस मौके पर स्कूल की कार्यकारी प्रिंसिपल मैडम सुखविंदर कौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में मोबाइल फोन, कंप्यूटर, लैपटॉप, बैटरी, टेलीविजन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। इन उपकरणों के खराब होने या अनुपयोगी हो जाने के बाद उत्पन्न होने वाला कचरा ई-वेस्ट कहलाता है। यदि इसका उचित तरीके से निपटारा ना किया जाए, तो यह मिट्टी, पानी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ई-वेस्ट को सामान्य घरेलू कचरे से अलग रखने, पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को निर्धारित संग्रह केंद्रों पर जमा करवाने के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। ऐसी शैक्षणिक गतिविधियां बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक और पर्यावरणीय समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी ई-वेस्ट के सुरक्षित प्रबंधन के बारे में जागरूक करें। इस मौके पर प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले विद्यार्थियों को स्कूल की ओर से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर स्कूल इंचार्ज एवं लेक्चरर सुखविंदर कौर, लेक्चरर लखविंदर सिंह, लेक्चरर धरमिंदर सिंह, हरविंदर सिंह, राजिंदर कुमार, किरनप्रीत सिंह, चमकीला सिंह, कीमती लाल वर्मा, जुगराज सिंह, मैडम राजवीर कौर, राजविंदर कौर, मीनाक्षी, मैडम सुखजिंदर कौर, भूपिंदर कौर तथा मोनिका सिमी सहित स्कूल के अन्य अध्यापक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Send this to a friend