CrimePunjab

डेरा बाबा नानक- पुरानी रंजिश के चलते सरपंच के भाई की गोलियां मारकर हत्या।

-उक्त युवक देर रात को किसी धार्मिक समारोह से वापिस आ रहा था

न्यूज4पंजाब ब्यूरो

डेरा बाबा नानक। पुलिस थाना डेरा बाबा नानक के आधीन आते गांव पड्डे में शनिवार की देर रात करीब कार सवार हमलावरों ने एक 27 वर्षीय युवक की गोलियां मार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सुखराज सिंह निवासी गांव पड्डे के रूप में हुई है। वहीं,बताया जा रहा है कि मृतक सुखराज सिंह कांग्रेसी सरपंच नवदीप सिंह का भाई था। इस हत्या का कारण दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। वहीं, डेरा बाबा नानक पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बटाला के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम लिए भेज दिया है और अपनी जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए मृतक युवक के भाई और कांग्रेसी सरपंच नवदीप सिंह ने बताया कि उसका भाई सुखराज शनिवार की देर रात करीब 11 बजे बाबा श्री चंद जी के जन्मदिवस के संबंध में टाहली साहिब गुरुद्वारा में चल रहे समारोह को देखकर मोटरसाइकिल पर वापिस लौट रहा था। इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार 6 युवक वहां पहुंचे, जिनमें से 3 युवकों ने उसके भाई सुखराज सिंह पर गोलियां चला दीं। गोली लगने के कारण सुखराज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले भी उन पर गोलियां चलाई गई थीं।

मौके पर पहुंचे थाना डेरा बाबा नानक के एसएचओ अशोक कुमार ने बताया गोली लगने से मारे गए युवक सुखराज सिंह के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है, क्योंकि पहले भी दोनों पक्षों के बीच मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि सुखराज सिंह को एक गोली लगी है और पूरी रिपोर्ट पोस्टमार्टम के बाद प्राप्त होगी।अभी तक मौके पर से पुलिस को कारतूसों के दो खोल मिले है। एसएचओ ने बताया कि पुलिस द्वारा विभिन्न पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है। थाना डेरा बाबा नानक में मृतक के भाई नवदीप सिंह के बयानों के आधार पर मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Send this to a friend