न्यूज4पंजाब ब्यूरो
बटाला,21 जनवरी- बटाला के फतेहगढ़ चूडियां रोड पर स्थित कस्बा अलीवाल के पास बुधवार की देर शाम को बटाला पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से गोलीबारी हुई,जिसमें पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी को गोली लगी है।
हुआ यूं कि बुधवार की देर शाम को पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पिस्तौल की रिक्वरी के लिए गई थी तो उसी दौरान आरोपी ने छिपाए हुए पिस्तौल से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी को गोली लग गई और वह घायल हो गया। आरोपी की पहचान जसकरण सिंह जस निवासी गांव ग्रंथगढ़ थाना सेखवां के रूप में हुई है। घायल आरोपी को इलाज के लिए भर्ती करवा दिया गया है। घटनास्थल पर एसएसपी बटाला डॉ. मेहताब सिंह और डीआईजी बार्डर रेंज संदीप गोयल पहुंचे।
इस संबंध में बटाला में विशेष तौर पर पहुंचे डीआईजी बार्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि पुलिस ने कुछ दिन पहले उक्त जसकरण सिंह और उसके साथी गुरभेज सिंह उर्फ विशाल पर 307 का मामला दर्ज किया था और बटाला पुलिस उक्त दोनों की तलाश में थी। पुलिस ने कुछ दिन पहले ही उक्त दोनों आरोपियों में से गरभेज सिंह उर्फ विशाल को गिरफतार कर लिया था जिससे एक पिस्तौल और 3 किलो हेरोइन बरामद हुई थी मगर जसकरण सिंह जस फरार चल रहा था। 19 जनवरी को जसकरण को भी गिरफ्तार कर लिया गया था,जिससे जसकरण से 1 किलो हैरोइन बरामद हुई थी। जसकरण ने माना कि उसके पास एक वारदात में इस्तेमाल किया एक पिस्टल है जो उसने अलीवाल के पास छिपा कर रखा है। बुधवार की देर शाम को जब पुलिस टीम उस जगह पर पिस्तौल को रिक्वर करने पहुंची तो अचानक अंधेरे का फायदा लेते हुए आरोपी जसकरण ने छिपाए हुए पिस्तौल से पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में जसकरण को गोली लग गई और वह घायल हो गया।
डीआईजी ने आगे बताया कि घायल आरोपी जसकरण और गुरभेज उर्फ विशाल पर पहले से ही कई मामले दर्ज है। उक्त दोनों नशे के कारोबार में शामिल हैं और इन दोनों से अवैद्य हथियार भी बरामद हुए है।



