
हमलावरों ने घर में बैठे व्यक्ति पर ताबड़तोड़ चलाई गोलियां ,मौत ।
पुलिस जांच में जुटी।
सुखदेव दिओल / न्यूज4पंजाब ब्यूरो
बटाला। पुलिस थाना फतेहगढ़ चूडियां के गांव मूलियांवाल में घर में बैठे एक व्यक्ति पर दो अज्ञात युवकों ने शुक्रवार की दुपहिर को गोलियां चला दी। गोलियां लगने से व्यक्ति घायल हो गया और डॉक्टरों ने उसे अमृतसर रेफर कर दिया मगर अमृतसर में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान कुलवंत सिंह (45) निवासी गांव मूलियांवाल के रूप में हुई है। मृतक ई-रिक्शा चालक था। वहीं मामला किसी रंजिश का बताया जा रहा है मगर फिलहाल इस संबंध में कोई अधिकारिक पुष्टि नही हुई। वहीं सूचना मिलते ही डीएसपी फतेहगढ़ चूडियां विपिन कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल फायरिंग करने के कारण का पता नही चल सका।
मृतक कुलवंत सिंह के भाई रशपाल सिंह ने बताया कि उसका भाई कुलवंत अपने घर में बैठा था तो इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो अज्ञात युवक आए और उसके भाई पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग करने बाद आरोपी हमलावर मौके पर से फरार हो गए। गोलियां लगने से उसका भाई घायल हो गया और इलाज के दौरान अमृतसर में उसके भाई की मौत हो गई। वहीं,मौके पर पहुंचे डीएसपी विपिन कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा इस मामले को लेकर प्राथमिक जांच पड़ताल चल रही है। पुलिस द्वारा आगे की बनती कार्रवाई की जाएगी।


